कारगिल शहीद कमलेश सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन अरुण कुमार सिंह बने केंद्रबिंदु
शहीद की प्रतिमा पर सैकड़ों ने अर्पित किए पुष्प, अरुण कुमार सिंह के संबोधन ने बंधी देशभक्ति की डोर
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर (बिरनो)।
कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त सेना मेडल विजेता शहीद कमलेश सिंह के 26वें बलिदान दिवस के अवसर पर भैरोपुर गांव और बिरनो थाना परिसर स्थित प्रतिमा स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि, और अधिकारियों की भारी उपस्थिति रही, लेकिन जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन अरुण कुमार सिंह अपने देशभक्ति और प्रेरणा से भरे संबोधन के चलते पूरे कार्यक्रम का केंद्रबिंदु बने रहे।
अरुण कुमार सिंह ने शहीदों को बताया राष्ट्र की प्रेरणा
सभा को संबोधित करते हुए अरुण कुमार सिंह ने कहा—
> “शहीद कमलेश सिंह जैसे वीर सपूतों के त्याग से ही देश आज सुरक्षित और गौरवशाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पाकिस्तान के मंसूबों को ध्वस्त करने वाला ‘ऑपरेशन सिंधूर’ जैसी साहसी कार्यवाही, शहीदों की प्रेरणा से ही संभव हो पाई है।”
उन्होंने आगे कहा कि “ऐसे स्थल केवल स्मारक नहीं, प्रेरणा के जीवंत प्रतीक हैं। यहाँ आकर युवा पीढ़ी देश के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत होती है।”
उनका ओजस्वी वक्तव्य सभा के दौरान देशभक्ति की भावना से भरे हर नागरिक के हृदय को छू गया और समूचा वातावरण तालियों की गूंज से गूंज उठा।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया शहीद को नमन

पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा, “शहीद कमलेश सिंह ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, उनका बलिदान सदा याद रहेगा।”
पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा रामतेज पांडेय ने कहा कि “हमें शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी जब हम भ्रष्टाचार जैसे सामाजिक दीमकों के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करें।” उन्होंने युवाओं से 16 जून को सैदपुर तहसील पर धरने में भाग लेने की अपील की।
बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. रमाशंकर राजभर (सपा), बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष राम, ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, शशि प्रकाश सिंह समेत कई वक्ताओं ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अधिकारी और समाजसेवी भी रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में सीओ कासिमाबाद अनिल चंद्र तिवारी, थानाध्यक्ष बालेंदु कुमार, ईश्वरानंद शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, राजेश सिंह गुड्डू, रामविलास सिंह, डॉ. मन्नू राजभर, योगेंद्र बिंद सहित दर्जनों अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





