अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेल एग्री कमोडिटीज लिमिटेड में हुआ भव्य योग शिविर का आयोजन
रिपोर्ट सुनील गुप्ता 9616782018
फतेहुल्लापुर (गाजीपुर)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेल एग्री कमोडिटीज लिमिटेड, फतेहुल्लापुर, गाजीपुर परिसर में शनिवार को उत्साह एवं उमंग के साथ योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग शिविर में योग प्रशिक्षक श्री बृजमोहन जी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त जीवन जीने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर कंपनी के जनरल मैनेजर (जीएम) श्री प्रिंस गाखर ने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरा विश्व इसकी उपयोगिता को स्वीकार कर रहा है।
श्री गाखर ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर प्रतिदिन योग करें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी को “योग करें, निरोग रहें” का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षक के निर्देशन में विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया और योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री दिनेश यादव, विनोद श्रीवास्तव, हिमांक यादव, कमलाकांत, विपुल उपाध्याय, ताराचंद तिवारी, धीरज वर्मा, आदित्य प्रताप साही, अमित तिवारी, मनीष दुबे, बिट्टू, गुरजंत, जय प्रकाश पाठक, विनय एवं सुखदेव सहित कंपनी के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





