मेडिकल कॉलेज ने बनाया नया रिकॉर्ड, प्रदेश में रहा अव्वल
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
गाजीपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज ने हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) की रैंकिंग में पूरे उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि गाजीपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) की टीम ने प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी, आईपीडी, फार्मेसी, ब्लड जांच, स्वच्छता, मरीजों को भोजन वितरण समेत विभिन्न मानकों पर जांच की थी। मूल्यांकन के बाद जारी रैंकिंग में गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ने सभी सूचकांकों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. आनंद मिश्रा और एचएमआईएस के प्रबंधक शुभम राय ने बताया कि यह सम्मान पूरी मेडिकल टीम, सफाईकर्मियों और सभी कर्मचारियों की लगन और मेहनत का परिणाम है। सभी ने मिलकर यह सिद्ध कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।”
करीब चार वर्ष पूर्व जब प्रो. आनंद मिश्रा ने गाजीपुर मेडिकल कॉलेज की जिम्मेदारी संभाली थी, तब संस्थान कई चुनौतियों से जूझ रहा था। परंतु उनके नेतृत्व में लगातार सुधार होते गए — चाहे वह अस्पताल प्रबंधन की पारदर्शिता हो, मरीजों को समय से उपचार देना हो या सफाई और अनुशासन की व्यवस्था को दुरुस्त करना। आज कॉलेज प्रदेश का अग्रणी संस्थान बन गया है।
गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में फिलहाल हर महीने एक लाख से अधिक मरीज स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं। बेहतर प्रबंधन और सेवाओं के कारण मरीजों का भरोसा भी तेजी से बढ़ा है।





