गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होगी एमआरआई सेवा, स्थापना कार्य तेज़ी से जारी
गाजीपुर, 11 जुलाई
रिपोर्ट सुनील गुप्ता
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर में बहुप्रतीक्षित एम.आर.आई. मशीन की स्थापना का कार्य अब धरातल पर तेज़ी से प्रारंभ हो गया है।
इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का निरीक्षण महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने स्वयं किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
डॉ. मिश्रा ने पूर्व में एक साक्षात्कार में गाजीपुर को शीघ्र एमआरआई सुविधा से लैस करने का वादा किया था, और आज वह संकल्प मूर्त रूप लेता दिख रहा है। यह मशीन कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत गाजीपुर मेडिकल कॉलेज को प्रदान की गई है, जो क्षेत्र के आमजन के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगी।
प्रो. मिश्रा के अथक प्रयासों व मार्गदर्शन में जल्द ही यह अत्याधुनिक तकनीक से युक्त एमआरआई यूनिट आम नागरिकों के लिए सुलभ हो जाएगी। इससे गाजीपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी जांच के लिए अब वाराणसी या लखनऊ जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस सुविधा से गंभीर रोगों के शीघ्र निदान में सहायता मिलेगी और जिले की स्वास्थ्य सेवाएं एक नए मुकाम पर पहुंचेंगी। निस्संदेह, यह कदम गाजीपुर को चिकित्सा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।





